चंडीगढ़, 4 जून 2026: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश के किसी भी जिले में पेयजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी कोताही पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
रणबीर गंगवा बुधवार को रेवाड़ी में जिला लोकसंपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने आमजन की शिकायतों को सुना और मौके पर ही 10 समस्याओं का समाधान करा दिया। चार मामलों को आगे आवश्यक कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया।
शहरों में जलभराव की समस्या पर मंत्री ने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने बताया कि सीवर ओवरफ्लो की समस्या को खत्म करने के लिए सरकार 275 सुपर सकिंग मशीनें खरीद रही है।
बैठक के दौरान मंत्री कई मामलों में अधिकारियों पर सख्त नजर आए। कोसली की एक कॉलोनी से जुड़ी शिकायत पर सुनवाई करते हुए उन्होंने जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि वे कार्यालय में बैठने के बजाय फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुलझाएं।
एक प्लॉट से संबंधित मामले में एचएसवीपी अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने एडीसी की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए गए अधिकारियों के खिलाफ अगली बैठक में कार्रवाई की जाएगी।
अंसल टाउनशिप के 10 घरों को बिजली कनेक्शन न मिलने की शिकायत पर मंत्री ने बिल्डर को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि समयसीमा में काम पूरा न किया तो सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी देखें: वन विभाग के गार्ड और दिहाड़ीदार 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

More Stories
हांसी में ACB ने पटवारी का मध्यस्थ को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, रिश्वतखोरी का भंडाफोड़
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की
हरियाणा: राजौंद की नायब तहसीलदार स्नेह लता को सस्पेंड किया गया