चंडीगढ़, 24 जून 2026: एचआरटीसी की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। बुधवार को राज्य सचिवालय में हुई अहम बैठक के बाद चालक और परिचालक यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही 25 जून से प्रस्तावित चक्का जाम भी रद्द कर दिया गया है। अब वीरवार से प्रदेशभर में एचआरटीसी की बसें सभी रूटों पर सामान्य रूप से संचालित होंगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आरडी नजीम की अध्यक्षता में करीब तीन घंटे तक चली बैठक में एचआरटीसी प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। बैठक के दौरान कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में फैसला लिया गया कि चालक और परिचालकों का 12 महीने से लंबित ओटीए और एनओए भत्ता जल्द जारी किया जाएगा। इसके अलावा 7.10 करोड़ रुपये के लंबित मेडिकल प्रतिपूर्ति दावों का भुगतान गुरुवार को कर्मचारियों के खातों में कर दिया जाएगा।
यूनिफॉर्म भत्ते के लिए 1.50 करोड़ रुपये की राशि अगले 10 दिनों के भीतर जारी करने पर भी सहमति बनी है। साथ ही एक महीने के भीतर कर्मचारियों को नई यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
बैठक में कर्मचारियों के वेतन का भुगतान हर महीने की पहली तारीख को सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया। वहीं चालक और परिचालकों की लंबित पदोन्नतियां 10 जुलाई 2026 तक पूरी करने पर भी सहमति बनी।
परिचालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 150 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले रूटों पर बसों में फ्रंट सीट उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया है।
बैठक के बाद संयुक्त समन्वय समिति (जेसीसी) और चालक यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार ने सभी मांगें नहीं मानी हैं, लेकिन कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है। इसी के चलते यूनियनों ने हड़ताल और चक्का जाम का फैसला वापस ले लिया है।
ये भी देखें: Palampur Accident: पालमपुर में बस हादसा, 14 वर्षीय छात्रा की मौत

More Stories
हिमाचल में मानसून का कहर जारी, 63 सड़कें बंद, अब तक 286 लोगों की मौत
हिमाचल विधानसभा में भाजपा विधायकों का लॉटरी व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन
Himachal: कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 3349 करोड़ रुपये स्वीकृत