शिमला, 24 जून 2026: हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में बुधवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के चलते जून के अंतिम सप्ताह में भी लोगों को हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार सामान्य से धीमी है। इसी कारण हिमाचल में मानसून की एंट्री तय समय से कुछ दिन देरी से हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को सबसे अधिक 30.2 मिलीमीटर बारिश सुंदरनगर में दर्ज की गई।
इसके अलावा सोलन में 12 मिलीमीटर, शिमला में 9.6 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 5.3 मिलीमीटर तथा धर्मशाला और मंडी में 1.2-1.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान रोहड़ू में 6 मिलीमीटर, बरठीं में 5.6 मिलीमीटर और चौपाल में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
बारिश के साथ कई इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं। बिलासपुर में हवा की रफ्तार 63 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में सुहावना माहौल बना हुआ है।
शिमला का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर मैदानी इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। ऊना 38.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।
हिमाचल में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है। पिछले साल मानसून 20 जून को ही प्रदेश में पहुंच गया था, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी बनी हुई है। फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा दहानू, वर्धा, रायपुर और मोतिहारी के आसपास बनी हुई है।
यह भी देखें: मानसून की दस्तक से पहले बरनाला में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, 24 घंटे रहेगा सक्रिय

More Stories
पंजाब बदलाव चाहता है, भाजपा की ओर उम्मीद से देख रही जनता – अनुराग ठाकुर
एचआरटीसी कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल, कल से सभी रूटों पर सामान्य रूप से चलेंगी बसें
त्रिलोकपुर में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी