November 29, 2026

मन की बात में पीएम मोदी बोले- नशा युवाओं के सपनों के लिए बड़ी चुनौती

pm modi mann ki baat

चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: पीएम मोदी ने आज रविवार को एक बार फिर देशवासियों के साथ मन की बात की। इस बार कार्यक्रम का 140वां एपिसोड प्रसारित हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि मन की बात समाज के हर वर्ग देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इसमें हम समाज के सामने मौजूद चुनौतियों की बात करते हैं। लोगों को जागरूक भी करते हैं।

आज मन की बात में मैं सबसे पहले ऐसा ही एक विषय उठा रहा हूं और वो है ड्रग्स यानी नशे की लत। आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है। हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं। उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं। लेकिन युवाओं के इन सपनों के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि मुझे संतोष है कि आज देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है। नशा मुक्त युवा अभियान भी जोरों पर चल रहा है। ऐसे कितने ही प्रेरक उदाहरण हमारे सामने आ रहे हैं जहां युवाओं ने अपनी इच्छा शक्ति से नशे की लत को हराया है। कठिन से कठिन परिस्थितियों से लड़ाई लड़ करके बाहर निकले हैं। वे खुद से लड़े हैं और अपने जीवन को एक नई दिशा दी है।

पीएम मोदी बोले कि जीवन में जब भी हम कुछ नया सीखते हैं तो हमें एक अलग ही आनंद की अनुभूति होती है। सीखने की तो कोई उम्र भी नहीं होती। आज मैं आपसे देश के उन लाखों सरकारी कर्मचारियों की बात करना चाहता हूं जिनमें कुछ नया सीखने का उत्साह देखने को मिल रहा है। इनमें से कई लोग 20-25 वर्षों से सरकारी सेवा में हैं। इतना लंबा अनुभव होने के बावजूद ये अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए कुछ नया सीखने के लिए भी समय निकाल रहे हैं। इसके लिए वो एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद ले रहे हैं। इसका नाम है आईगॉट कर्मयोगी।

आईगॉट कर्मयोगी पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारियों ने अनेकों कोर्स पूरे किए हैं। कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रहा है तो कोई इंडियन साइन लैंग्वेज सीख रहा है। एआई और नई तकनीक की पढ़ाई को लेकर हमारे कर्मयोगियों में मैं विशेष उत्साह देख रहा हूं। इससे जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स ऐसे हैं जिनमें सवा 3 करोड़ से ज्यादा कोर्स कंप्लीशन हो चुके हैं।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब