July 1, 2026

हिमाचल में मानसून का कहर, 44 सड़कें और 254 ट्रांसफॉर्मर ठप, कई इलाकों में संपर्क कटा

हिमाचल मानसून

चंडीगढ़, 01 जुलाई 2026: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने दस्तक देते ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। महज 24 घंटे की भारी बारिश ने पूरे प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इसके चलते 44 सड़कें बंद हो गई हैं और 254 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़ गए हैं।

कहीं नदियां-नाले उफान पर हैं तो कहीं पुल टूटने से गांवों का संपर्क कट गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज रात से पश्चिमी विक्षोभ और अधिक ताकतवर हो जाएगा। इसे देखते हुए मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 72 घंटे के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

भारी बारिश के कारण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। बीती रात शिमला जिले के रामपुर स्थित गानवी में तेज बारिश के कारण एक अस्थायी पुल टूट गया, जिससे तीन पंचायतों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।

बारिश के कारण सड़कों के अवरुद्ध होने का सबसे ज्यादा असर मंडी (28 सड़कें बंद) और कुल्लू (14 सड़कें बंद) में देखने को मिला है।

बीती रात कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में सर्वाधिक 102.5 मिलीमीटर और घमरोर में 95.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

चंबा में भी सुबह से भारी बारिश हो रही है। सलूणी उपमंडल के लनोट और फगड़ोग गांवों में घरों में मलबा घुस गया है। चंबा-तीसा हाईवे समेत कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला में सुबह से तेज बारिश जारी है, जबकि मंडी, कुल्लू और हमीरपुर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी का सिलसिला चल रहा है।

यह भी देखें: मानसून की दस्तक से पहले बरनाला में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, 24 घंटे रहेगा सक्रिय