July 8, 2025

हाए गर्मी… इस बार प्रचंड रूप दिखाएगी गर्मी, रहें तैयार

हाए गर्मी… इस बार ...

नई दिल्ली : पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में हाल के दिनों में आई बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2-3 दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान, कुछ राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में सबसे अधिक तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो गर्मी की तीव्रता को दर्शाता है।

इसके साथ ही, उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की घटनाएं भी देखने को मिली हैं। इन मौसमी बदलावों के बीच, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय में तेज हवाओं और तूफान के कारण मौसम में ठंडक आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है।

मौसम विभाग ने कहा प्रचंड रूप दिखाएगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार इराक के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। हालांकि, इसका असर फिलहाल देखने को नहीं मिलेगा। 24 मार्च को दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश भागों में भयंकर तूफान आने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी भारत में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री तक बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान में वृद्धि के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।