चंडीगढ़, 14 जुलाई 2026: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मोरिंडा सदर थाने में तैनात एएसआई अवतार सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई पर आरोप है कि उसने एक पुराने मामले में मां-बेटे का नाम कटवाने के बदले 30 हजार रुपये रिश्वत ली। विजिलेंस ब्यूरो ने यह कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की कि स्थानीय पुलिस को भी इसके बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी।
मामला कुराली के वार्ड नंबर 9 निवासी तेजपाल सिंह का है। उन्होंने 26 मई 2026 को मोरिंडा सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। तेजपाल सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने पंजाब वक्फ बोर्ड से गांव चतामला में करीब 6 एकड़ जमीन लीज पर ली हुई है।
खेत की फसल को आवारा जानवरों से बचाने के लिए उन्होंने 130 सीमेंट के पिलर लगवाए थे। जब वे लोहे की तार और पानी के पाइप लेकर खेत पहुंचे तो गांव चतामला निवासी सुखा अपनी मां सरपंच सुरिंदर कौर के साथ खेत में मौजूद था।
सुखा ने ट्रैक्टर- सुहागे से सारे पिलर तोड़ दिए और तार-पाइप लूटकर ले गया। इस मामले में मोरिंडा पुलिस ने सुखा और उसकी मां सुरिंदर कौर के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसकी जांच एएसआई अवतार सिंह कर रहे थे।
जांच के दौरान एएसआई अवतार सिंह ने सुखा से उसकी मां का नाम केस से हटाने के लिए रिश्वत मांगी। अंत में 30 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। सुखा ने इसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो में कर दी।
विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर मोरिंडा सदर थाने के पुलिस क्वार्टर में एएसआई अवतार सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
यह भी देखें: मोगा में भ्रष्टाचार पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, DRO कार्यालय का रीडर रिश्वत लेते गिरफ्तार

More Stories
कपूरथला मेयर चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक, फॉरेंसिक जांच के आदेश
तलवंडी साबो में चिट्टे की ओवरडोज से 25 वर्षीय युवक की मौत
17 जुलाई को पंजाब के चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी