फतेहगढ़ साहिब, 23 जनवरी : नाभा जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता एवं एडवोकेट अमरदीप सिंह धरनी ने फतेहगढ़ साहिब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार और जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
एडवोकेट धरनी ने बताया कि 5 जनवरी को जब फतेहगढ़ साहिब के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) ने नाभा जेल का दौरा किया था, उस दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया ने माननीय जज के समक्ष अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की थीं। मजीठिया ने अदालत को अवगत कराया था कि उनकी बैरक में गंभीर अपराधों में शामिल कैदियों को रखा गया है, जिससे उनकी जान को खतरा हो सकता है।
जेल प्रशासन पर आदेशों की अनदेखी का आरोप
अकाली दल के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जज के दौरे और मजीठिया द्वारा सुरक्षा संबंधी आशंकाएं जताने के कई दिन बीत जाने के बावजूद जेल प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि न तो बैरक में सुरक्षा कैमरे लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के अन्य पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सरकार को ठहराया जाएगा जिम्मेदार
एडवोकेट अमरदीप सिंह धरनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नाभा जेल में बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसके लिए पंजाब सरकार और जेल प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होंगे। इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है और मजीठिया की सुरक्षा को लेकर अकाली दल लगातार सवाल उठा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जेल में बंद किसी भी कैदी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
यह भी देखें : पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश, ठंड में और इजाफा, शीत लहर का असर

More Stories
मजीठिया को मिली जमानत ‘आप’ सरकार की लापरवाही : कुंवर विजे प्रताप
सुखपाल खैरा ने पंजाब सरकार पर मतदाताओं का निजी डाटा चुराने का आरोप लगाया
केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा