August 29, 2026

यमुनानगर नगर निगम अब गुरुग्राम-दिल्ली-नोएडा मॉडल अपनाएगा, पार्किंग समस्या दूर करने की तैयारी

यमुनानगर नगर निगम

यमुनानगर, 26 अगस्त 2026: यमुनानगर शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी अब गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा के मॉडल को शहर में लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में मेयर सुमन बहमनी ने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, अधिकारियों और पार्षदों के साथ इन शहरों का दौरा कर वहां की आधुनिक परियोजनाओं का जायजा लिया।

टीम ने देखा कि बड़े शहर सीमित जगह का इस्तेमाल किस तरह बेहतर सुविधाएं विकसित करने में कर रहे हैं। दौरे में सबसे ज्यादा जोर मल्टीलेवल पार्किंग और वेस्ट से बेस्ट जैसी परियोजनाओं पर रहा। गुरुग्राम में टीम ने निर्माणाधीन नगर निगम भवन, स्वीमिंग पूल, मल्टीलेवल पार्किंग और वंडर पार्क का निरीक्षण किया।

वहीं दिल्ली के पार्कों की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण मॉडल को देखा गया। नोएडा में जंगल पार्क में वेस्ट सामग्री से तैयार हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य जंगली पशुओं की आकृतियों को देखकर टीम ने वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा को समझा।

गुरुग्राम में मल्टीलेवल पार्किंग देखकर निगम की टीम ने यह समझने का प्रयास किया कि कम जमीन में अधिक वाहनों की पार्किंग किस तरह संभव बनाई जा सकती है। यमुनानगर-जगाधरी में भी बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या लगातार सामने आती है। मेयर ने पार्किंग की डिजाइन, क्षमता और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली।

यह भी देखें: गुरुग्राम में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग महिला से 1 करोड़ 65 लाख की ठगी