June 19, 2026

शिवसेना स्थापना दिवस पर उद्धव ठाकरे ने शिंदे-भाजपा पर बोला जोरदार हमला

उद्धव ठाकरे

मुंबई, 19 जून 2026: शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। एकनाथ शिंदे गुट ने गोरेगांव के नेस्को सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किया, तो वहीं उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) ने माटुंगा के शनमुखानंद सभागृह में जोरदार समारोह किया।

कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे ने भाजपा, शिंदे गुट और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि एक दिन शिंदे गुट को भाजपा में विलय करना पड़े।

उद्धव ठाकरे ने अपने संबोधन की शुरुआत उन शिवसैनिकों को नमन करते हुए की, जिन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के विभाजन के बाद कई लोगों को लगा था कि शिवसेना कमजोर हो जाएगी, लेकिन हकीकत इसके उलट है।

उन्होंने सभा में मौजूद चार सांसदों और सभी विधायकों का खास तौर पर सम्मान किया। उद्धव ने कहा कि इन नेताओं के संघर्ष और समर्पण का ऋण वे कभी नहीं चुका पाएंगे।

उद्धव ठाकरे ने याद दिलाया कि पिछले 60 सालों में शिवसैनिकों ने जेल यात्राएं कीं, सड़कों पर संघर्ष किया और अपना खून-पसीना बहाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी को सिर्फ चुनावी जीत-हार के आधार पर नहीं आंकना चाहिए।

इस मौके पर उन्होंने पूर्व गृह मंत्री इंद्रजीत गुप्त और शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे का जिक्र किया। उद्धव ने बालासाहेब के उस प्रसिद्ध कथन को दोहराया जिसमें उन्होंने कहा था, “हम सत्ता के लिए पैदा नहीं हुए हैं, सत्ता हमारे लिए पैदा हुई है।”

यह भी देखें: पंजाब पुलिस ने ‘युवा सांझ’ कार्यक्रम को तेज किया, भटके युवाओं तक पहुंच बढ़ाई