April 23, 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान शुरू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण...

कोलकाता, 23 अप्रेल : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत आज सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। इस चरण को राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव माना जा रहा है। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर पहले चरण में मतदान कराया जा रहा है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी से लेकर दक्षिण के मुर्शिदाबाद, नादिया और हुगली जिलों तक मतदान जारी है, जहां मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

टीएमसी और भाजपा में सीधी टक्कर

इस चुनाव में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। राजनीतिक माहौल काफी गर्म है और दोनों दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में लगभग 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें करीब 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चरण बेहद निर्णायक है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, जबकि भाजपा इस बार बड़ा उलटफेर करने के इरादे से चुनाव लड़ रही है। राज्यभर में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 2,450 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें करीब ढाई लाख जवान शामिल हैं। सुरक्षा को देखते हुए 8,000 से अधिक पोलिंग स्टेशनों को ‘अति संवेदनशील’ घोषित किया गया है।

संवेदनशील जिलों पर विशेष नजर

मालदा, मुर्शिदाबाद, कूच बिहार और बीरभूम जैसे जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 2,193 से अधिक क्विक रिएक्शन टीम (QRT) और फ्लाइंग स्क्वॉड भी तैनात किए गए हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है, हालांकि राजनीतिक गतिविधियों के चलते पूरे राज्य में माहौल काफी गरम बना हुआ है।