नई दिल्ली, 15 फरवरी : शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की एक्शन-रोमांस फिल्म ‘ओ रोमियो’ ने वैलेंटाइन वीक में सिनेमाघरों में दस्तक दी और दूसरे ही दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार छलांग लगाई। पहले दिन ठीक-ठाक शुरुआत करने वाली इस फिल्म को वैलेंटाइन डे पर दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।
दूसरे दिन कमाई में 48% से ज्यादा उछाल
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 8.5 करोड़ रुपये से ओपनिंग की। वहीं दूसरे दिन यानी वैलेंटाइन डे पर 12.65 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। दो दिनों में फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 21.15 करोड़ रुपये पहुंच गया है। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को करीब 48.82% की बढ़त दर्ज की गई, जो मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और त्योहार के माहौल का असर दिखाती है।
वैश्विक स्तर पर भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ‘ओ रोमियो’ ने दुनियाभर में लगभग 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जिसमें से 5 करोड़ रुपये की कमाई विदेशों से हुई है। स्पष्ट है कि वैलेंटाइन डे फिल्म के लिए फायदे का सौदा साबित हुआ।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
‘ओ रोमियो’ 2026 की रोमांटिक एक्शन थ्रिलर है, जिसे विशाल भारद्वाज ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को साजिद नाडियाडवाला ने अपने बैनर नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई’ पर आधारित बताई जा रही है।
अंडरवर्ल्ड और इश्क की कहानी
फिल्म की कहानी आजादी के बाद के मुंबई के बदलते दौर और अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहा जा रहा है कि यह गैंगस्टर हुसैन उस्तारा की कहानी से प्रेरित है, जो दाऊद इब्राहिम का कट्टर दुश्मन था। कहानी में मोड़ तब आता है जब वह एक लड़की से प्यार कर बैठता है, जिसका किरदार तृप्ति डिमरी ने निभाया है। फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
वैलेंटाइन डे पर मिली मजबूत रफ्तार के बाद अब सबकी नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो ‘ओ रोमियो’ शुरुआती हफ्ते में ही बड़ी हिट साबित हो सकती है।
यह भी देखें : राजपाल यादव का वीडियो वायरल, सलमान खान को कहा ‘बड़े भाई जैसा’

More Stories
राजपाल यादव का वीडियो वायरल, सलमान खान को कहा ‘बड़े भाई जैसा’
सलमान खान के जीजा आयुष को मिली धमकी से दहशत का माहौल
रणवीर सिंह को व्हाट्सऐप वॉइस नोट से मिली धमकी, मुंबई पुलिस अलर्ट पर