भोपाल, 4 मार्च : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित हिंदी फिल्म ‘शतक’ को मध्य प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 3 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी।
3 मार्च से 1 अप्रैल तक रहेगी टैक्स छूट
राज्य सरकार के इस फैसले के तहत प्रदेश के सिनेमा घरों और मल्टीप्लेक्सों में फिल्म ‘शतक’ के टिकट राज्य माल एवं सेवा कर (एसजीएसटी) में छूट के साथ बेचे जाएंगे। कर में दी गई इस राहत की भरपाई राज्य सरकार अपने खजाने से करेगी। इससे दर्शकों को टिकट सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट कर फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्म ‘शतक’ राष्ट्र सेवा और संस्कारों की उस परंपरा को सशक्त रूप में प्रस्तुत करती है, जिसे आरएसएस ने दशकों से जीवंत बनाए रखा है।
राष्ट्र निर्माण का संदेश देती है फिल्म
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह फिल्म संगठित विचार, चरित्र निर्माण और सेवा भावना के माध्यम से एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश देती है। सरकार का मानना है कि ऐसी प्रेरणादायक फिल्मों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। फिल्म ‘शतक’ को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, जबकि दर्शकों के बीच भी इसे लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।

More Stories
होली सप्ताह रहेगा मनोरंजन से भरपूर, OTT पर रिलीज होंगी ये नई फिल्में
तापसी पन्नू को हीरो ने करवा दिया फिल्म से बाहर, तापसी ने जताई नाराजगी
‘पी-पॉप कल्चर’ कॉन्सर्ट से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री से मिले करन औजला