March 31, 2026

कनाडा में भारतीय मूल के युवक की गोली मारकर हत्या

कनाडा में भारतीय मूल के युवक...

ओटावा/सरी, 31 मार्च : कनाडा के सरी शहर में भारतीय मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इस घटना को संगठित अपराध से जुड़ा मामला मान रही है। वारदात शनिवार रात सरी के सलीवन हाइट्स इलाके में एक टाउनहाउस कॉम्प्लेक्स में हुई। इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने मृतक की पहचान 27 वर्षीय जसमन सेखों के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, सेखों पहले भी पुलिस की नजर में था और उसके नशा तस्करी में शामिल होने का संदेह था।

टारगेट बनाकर की गई फायरिंग

प्रारंभिक जांच में यह हमला टारगेटेड बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गहरे रंग की SUV ने युवक का पीछा किया, जिसके बाद उसमें से निकले दो हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। पुलिस को घटनास्थल के पास एक जली हुई कार भी मिली है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार का इस्तेमाल अक्सर गैंगवार से जुड़े मामलों में किया जाता है, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

48 घंटों में चौथी गोलीबारी

सरी शहर में पिछले 48 घंटों के भीतर गोलीबारी की यह चौथी घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना कनाडा में बढ़ती गैंगवार और संगठित अपराध की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रही है।

यह भी देखें : ट्रंप के चहेते किड रॉक के घर की छत पर अपाचे हेलीकाॅप्टर मामला गर्माया