चंडीगढ़, 25 अप्रैल: पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद राज्यभर में जनता का गुस्सा देखने को मिला। कई जगहों पर लोगों और आप कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दीवारों और सड़कों पर “पंजाब के गद्दार” जैसे नारे लिखे। विवाद के केंद्र में हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता हैं, जिनके भाजपा में शामिल होने के बाद उनके घरों की दीवारों पर “गद्दार” लिखे जाने और पुतले फूंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
विरोध का असर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी तक भी देखने को मिला, जहां नारेबाजी की गई। कुछ अभिभावकों ने विरोध स्वरूप अपने बच्चों का वहां दाखिला न कराने की बात भी कही। जालंधर में आप के वरिष्ठ नेता पवन कुमार टीनू ने दावा किया कि 2027 में पार्टी दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनाधार की कमी है, इसलिए वह आप नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है।
भाजपा पर साजिश के आरोप
आप के यूथ विंग के कार्यकारी प्रधान परमिंदर गोल्डी ने राजिंदर गुप्ता के घर के बाहर प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि भाजपा, अरविंद केजरीवाल की विकास आधारित राजनीति से घबराकर साजिशों का सहारा ले रही है।
आप नेताओं ने कहा कि पंजाब के लोग इस कथित “विश्वासघात” को कभी माफ नहीं करेंगे और आने वाले समय में इसका जवाब देंगे। उन्होंने दोहराया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और राज्य के लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

More Stories
भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम बदला, तेज आंधी-बारिश-ओलावृष्टि से लोगों को राहत
अमृतसर: हाईकोर्ट के आदेश के बाद अकाली नेता जोबनप्रीत सिंह जेल से रिहा
मजीठिया मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई टली, पंजाब सरकार को कल तक जवाब दाखिल करने का समय