चंडीगढ़, 25 अप्रैल: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने ड्रेनों और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तुरंत सफाई, डी-सिल्टिंग और मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के इंजीनियरों के साथ समन्वय बनाकर एक प्रभावी मास्टर प्लान तैयार किया जाए, जिससे मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे को कम किया जा सके।
संत बलबीर सिंह सीचेवाल भी बैठक में मौजूद
बैठक में राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गिद्दड़पिंडी रेलवे पुल सहित अन्य संवेदनशील स्थानों की जल्द सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। मुख्यमंत्री ने बुड्डा नाला की सफाई को लेकर जानकारी दी कि लुधियाना शहर के शुरुआती हिस्से तक पानी को साफ किया जा चुका है और आगे का कार्य जारी है। उन्होंने डेयरियों से निकलने वाले अपशिष्ट को नाले में जाने से रोकने और नगर निगम द्वारा उसके उचित निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने हेबोवाल में सीबीजी प्लांट को जल्द शुरू करने और ताजपुर में प्रस्तावित प्लांट के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने के निर्देश दिए। औद्योगिक अपशिष्ट जल के उपचार और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
नदियों और ड्रेनों में जल प्रवाह सुधार के निर्देश
मुख्यमंत्री ने चिट्टी वेईं में जल प्रवाह बढ़ाने, काला संघियां ड्रेन में प्रदूषण कम करने और बिस्त दोआब नहर से पानी छोड़ने जैसे कदमों को लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पुलों में तकनीकी सुधार पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नालों में डेयरी अपशिष्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके अलावा सतलुज नदी पर धुसी बांध सड़क परियोजना को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने की बात भी कही। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जालंधर और लुधियाना के उपायुक्तों के साथ विशेष बैठक कर बाढ़ सुरक्षा और सफाई कार्यों की समीक्षा की गई है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे और राज्य सरकार जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

More Stories
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जलालपुरिया को पार्टी में किया शामिल
पंजाबी इन ‘गद्दार’ सांसदों को मुंहतोड़ जवाब देंगे: आप नेता
राज्यसभा सदस्यों के दल बदल पर AAP का तीखा हमला