April 28, 2026

जकार्ता के पास भीषण रेल हादसा, 14 की मौत, 84 घायल

जकार्ता के पास भीषण रेल हादसा...

जकारता, 28 अप्रैल : इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के पास बेकासी रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात दो ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 84 अन्य घायल हो गए। सरकारी रेलवे कंपनी के.ए.आई के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:45 बजे तक 14 मौतों की पुष्टि हो चुकी थी। शुरुआती रिपोर्टों में 5 मौतों की बात कही गई थी, लेकिन बाद में आंकड़ा बढ़ गया।

कई यात्री डिब्बों में फंसे

हादसे के बाद कई यात्री क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंस गए थे। राहत और बचाव कार्य मंगलवार सुबह तक जारी रहा और टीमों ने कड़ी मेहनत से लोगों को बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक यह टक्कर एक कम्यूटर ट्रेन और लंबी दूरी की आर्गो ब्रोमो अंगरेक ट्रेन के बीच हुई। लंबी दूरी की ट्रेन ने स्टेशन पर खड़ी कम्यूटर ट्रेन के पिछले डिब्बे में टक्कर मार दी। राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी के अनुसार, डिब्बों को भारी नुकसान और सीमित जगह के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आईं।

बचाव दल धातु काटने वाली मशीनों की मदद से डिब्बों को खोलकर फंसे लोगों को बाहर निकाल रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि दूसरी ट्रेन में सवार सभी 240 यात्री सुरक्षित हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यह भी देखें : संयुक्त राष्ट्र में रूस ने कहा, ईरान को होर्मुज स्ट्रेट के नियंत्रण का अधिकार