May 5, 2026

दिग्गज फिल्म निर्माता आर.बी. चौधरी का सड़क हादसे में निधन

आरबी चौधरी

चंडीगढ़, 05 मई 2026: दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता और ‘सुपर गुड फिल्म्स’ के संस्थापक आर.बी. चौधरी का राजस्थान के पाली जिले में एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया है। यह दुखद घटना मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 162 पर झूंठा गांव के समीप हुई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, आर.बी. चौधरी एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी उनकी कार सड़क पर अचानक आए गोवंश को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार से जा टकराई । टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। कार चालक गौतम सीरवी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आर.बी. चौधरी (76) अपने पीछे पत्नी महजबीन और चार बेटे- सुरेश, जीवन, जिथन रमेश और प्रसिद्ध अभिनेता जीवा को छोड़ गए हैं । उनका पार्थिव शरीर चेन्नई ले जाया जा रहा है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.

उनके निधन पर रजनीकांत, चिरंजीवी और पवन कल्याण समेत फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है । रजनीकांत ने उन्हें एक बेहतरीन निर्माता और अद्भुत इंसान बताते हुए श्रद्धांजलि दी है.

ये भी देखें: शाहरुख खान की 20 साल पुरानी फिल्म पर वेब सीरीज़ बनाएंगे करण जौहर