चंडीगढ़, 25 अप्रैल : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा की कार्रवाई बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के संविधान और हर पंजाबी के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इस तरह के “अलोकतांत्रिक कदम” को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। चीमा ने आरोप लगाया कि अमित शाह के बहकावे में आकर ‘आप’ के 7 सांसदों का पार्टी छोड़ना पंजाब और उसके 3 करोड़ लोगों के साथ विश्वासघात है।
उन्होंने कहा कि जिन्हें जनता की आवाज बनने के लिए चुना गया था, उन्होंने निजी हितों के लिए राज्य के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सांसदों को तोड़कर यह साबित किया है कि उसे लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है और वह संविधान को कमजोर करना चाहती है। चीमा ने कहा कि ‘आप’ संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है और इस लड़ाई को जारी रखेगी।
“पंजाब ने गद्दारों को कभी माफ नहीं किया”
चीमा ने कहा कि पंजाब का इतिहास गवाह है कि यहां के लोग विश्वासघात करने वालों को कभी माफ नहीं करते। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा और मौकापरस्त नेताओं को जनता जरूर सबक सिखाएगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह तीन कृषि कानूनों के दौरान किसानों की मौतों के लिए जिम्मेदार रही है और पंजाब के पानी व आर्थिक हिस्से को लेकर भी न्याय नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि सभी पंजाबी एकजुट होकर इसका विरोध करेंगे।
बेअदबी कानून के बाद बढ़ी सियासत
चीमा ने कहा कि जब पंजाब सरकार ‘जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ लेकर आई, तो भाजपा ने उनके विधायकों और सांसदों को तोड़ने की कोशिशें तेज कर दीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की रणनीति के बावजूद आम आदमी पार्टी 2027 में दोबारा सरकार बनाएगी और पंजाब में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
केजरीवाल के साथ मजबूती से खड़ी ‘आप’
चीमा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ‘आप’ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई या किसी भी एजेंसी का डर उन्हें नहीं डरा सकता और वे पंजाब के अधिकारों तथा संविधान की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बाबा साहेब अंबेडकर की विचारधारा और शहीद-ए-आजम भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेती है।
यह भी देखें : बेअदबी कानून बनाने के बाद भाजपा मुझे कमजोर करना चाहती है : भगवंत मान

More Stories
भगवंत मान ने राष्ट्रपति से मांगा समय, अकाली दल ने बताया राजनीतिक ड्रामा
बठिंडा में व्यापारी की आत्महत्या, सोशल मीडिया वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
शिरोमणि अकाली दल ने महिला विंग को मजबूत करने के लिए टीम की घोषणा की