April 25, 2026

बेअदबी कानून बनाने के बाद भाजपा मुझे कमजोर करना चाहती है : भगवंत मान

बेअदबी कानून बनाने के बाद भाजपा मुझे कमजोर...

चंडीगढ़, 25 अप्रैल : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जैसे ही बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाए गए, भाजपा बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर पंजाब सरकार की सख्त कार्रवाई को भाजपा स्वीकार नहीं कर पा रही और उन्हें कमजोर करने की साजिशें रच रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में मजबूत जनाधार न होने के कारण भाजपा उनके नेताओं को खरीदने, डराने-धमकाने और सियासी जोड़-तोड़ जैसे हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा को आप सरकार में कोई भ्रष्टाचार नहीं मिला, तो उसने पार्टी को तोड़ने की कोशिशें शुरू कर दीं।

भाजपा पर ‘वॉशिंग मशीन’ राजनीति का तंज

मान ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पंजाब के लोग विश्वासघात करने वालों को कभी माफ नहीं करते। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग निजी हितों के लिए जनता से धोखा कर रहे हैं, उनका राजनीतिक भविष्य खत्म हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा “कड्डे-छड्डे पार्टी” बन चुकी है, जो अपनी “वॉशिंग मशीन” के जरिए दूसरी पार्टियों के दागी नेताओं को साफ करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे हथकंडों से भाजपा पंजाब में अपनी जगह नहीं बना सकती।

केंद्र पर पंजाब के फंड रोकने का आरोप

मान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण विकास फंड (RDF), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और अन्य योजनाओं के तहत पंजाब का हिस्सा रोक रखा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की रणनीति क्षेत्रीय पार्टियों को कमजोर करने की रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और शरद पवार जैसे नेताओं की पार्टियों को भी तोड़ने की कोशिश की।

पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मान ने कहा कि उनकी सरकार ने 90% घरों को मुफ्त बिजली दी, 65,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दीं, सड़कों और बुनियादी ढांचे में सुधार किया, टोल प्लाजा बंद कर रोजाना 70 लाख रुपये की बचत कराई, 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड देने की योजना शुरू की। उन्होंने बताया कि किसानों को अब दिन में बिजली मिल रही है और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मांवा-धियां सत्कार योजना” के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को अधिक लाभ दिया जा रहा है। मान ने साफ कहा कि भाजपा चाहे जितनी साजिशें कर ले, वह बेअदबी के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यह पंजाब की आस्था से जुड़ा मामला है और सरकार इस पर सख्त रहेगी।

अंत में भाजपा को चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की चालें पंजाब में सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा, “पंजाब के लोग सब समझते हैं और गद्दारों को सबक सिखाना जानते हैं। आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है और जनता ही हमारी असली ताकत है।”

यह भी देखें : ‘आप’ को अपनी रणनीति बदलने की सख्त जरूरत : मलविंदर सिंह कंग