पटियाला, 19 अप्रैल: अमा डबलम चोटी को फतह कर पटियाला की रहने वाली सुखवीर कौर उर्फ “सुखी बल्ल” ने इतिहास रच दिया है। सिडनी में रह रही सुखवीर कौर पूर्वी नेपाल की हिमालयी पर्वत श्रृंखला में स्थित इस कठिन शिखर पर चढ़ने वाली पहली पंजाबी महिला और भारत की छठी महिला पर्वतारोही बन गई हैं। 6812 मीटर (22,350 फीट) ऊंची इस चुनौतीपूर्ण चोटी पर उनका अभियान 15 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
21 दिनों में पूरी की कठिन चढ़ाई
इस कठिन अभियान के दौरान उन्हें गाइड सांगे शेरपा और उनकी टीम का पूरा सहयोग मिला। पूरी चढ़ाई को पूरा करने में करीब 21 दिन लगे।
चोटी पर पहुंचकर सुखवीर कौर ने अपनी सफेद चुन्नी लहराते हुए कहा कि यह उनके पंजाब की पहचान है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को पंजाब, अपनी संस्कृति और दुनिया भर की महिलाओं को समर्पित किया। बर्फ के बीच लहराती यह चुन्नी शांति का प्रतीक बनी।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद वह भादसों में मास्टर अमरनाथ शुक्ला के निवास पर पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में गुरदेव सिंह देव मान, साधू सिंह धर्मसोत, महंत हरविंदर सिंह खनौड़ा और गोगी तिवाणा सहित कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें सम्मानित किया। सुखवीर कौर की इस उपलब्धि ने न सिर्फ पंजाब बल्कि पूरे देश की महिलाओं को प्रेरित किया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।

More Stories
बैंक PO और LIC व GIC परीक्षाओं के लिए पंजाब सरकार ने निःशुल्क कोचिंग की घोषणा
पारंपरिक राजनीतिक पार्टियाँ मुझे बदनाम करने के लिए धर्म का दुरुपयोग कर रही – भगवंत सिंह मान
पंजाब कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, अंगद सिंह बने OBC विभाग के प्रदेश अध्यक्ष