June 15, 2026

बठिंडा में जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार

cctv camera surveillance

बठिंडा, 15 जून 2026: राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामले में बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने बड़ा सफल अभियान चलाया है। टीम ने पाकिस्तान और कनाडा में बैठे देश विरोधी तत्वों के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क का भंडाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों ने बठिंडा-मलोट रोड पर सरकारी बिजली के खंभे पर सोलर पावर से चलने वाला गुप्त कैमरा लगाया था। इस कैमरे से सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। प्राप्त फुटेज पाकिस्तान और कनाडा में सक्रिय देश विरोधी तत्वों तक पहुंचाई जा रही थी।

पुलिस ने थाना थर्मल बठिंडा में 9 जून 2026 को ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।

जांच में पता चला कि मार्च महीने में अंबुजा फैक्ट्री के सामने बिजली के खंभे पर यह सोलर कैमरा लगाया गया था। इसमें सक्रिय सिम कार्ड लगा था, जिससे लाइव फीड भेजी जा रही थी। कैमरे का मुख्य मकसद राजस्थान, फाजिल्का और फिरोजपुर बॉर्डर की ओर जाने वाले सैन्य वाहनों और सुरक्षा बलों की गतिविधियों की जानकारी जुटाना था।

एसएसपी बठिंडा डॉ. ज्योति यादव बैंस के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पूरे नेटवर्क को ट्रेस किया।

10 जून को अमृतसर जिले के अजनाला के गांव सराए निवासी 40 वर्षीय अशोक सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसकी पूछताछ के आधार पर 14 जून को गांव के ही 22 वर्षीय अकासदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी देखें: सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तान जासूसी मामले में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जमानत याचिका खारिज की