June 4, 2026

मंडी: पनीर खाने वालों सावधान, 6 सैंपल फेल, मिलावट की पुष्टि

पनीर सैंपल

मंडी, 4 जून 2026: जिला मंडी में पनीर की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने अप्रैल महीने में जिले के विभिन्न इलाकों से लिए गए पनीर के सैंपलों की जांच रिपोर्ट में 6 सैंपल फेल पाए गए हैं।

विभाग की टीम ने सुंदरनगर, जोगिंदरनगर, पनारसा, बागशायड, नगवाई और पधर क्षेत्रों के विक्रेताओं से करीब 22 खाद्य उत्पादों के सैंपल लिए थे। इनमें से पनीर के 6 सैंपल कंडाघाट स्थित लैब में परीक्षण के बाद फेल हो गए। रिपोर्ट करीब डेढ़ महीने बाद आई है।

सहायक आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा एल.डी. ठाकुर ने पुष्टि की कि फेल सैंपलों में मिल्क फैट की मात्रा निर्धारित मानकों से कम पाई गई। इसके अलावा अन्य सस्ते फैट की मिलावट भी पाई गई। तीन अन्य खाद्य उत्पाद मिसब्रांडेड पाए गए हैं।

विभाग ने सभी फेल सैंपलों वाले विक्रेताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं और उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मुनाफे के चक्कर में सस्ता फैट मिलाकर बनाए गए पनीर का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। आम जनता को सावधानी बरतने और प्रमाणित विक्रेताओं से ही पनीर खरीदने की सलाह दी गई है।

यह भी देखें: अमृतसर में 12 दूध-दुग्ध उत्पाद नमूनों में 2 असुरक्षित, 6 निम्न गुणवत्ता वाले पाए गए