April 19, 2026

मेयर Ken Sim द्वारा MLB टीम लाने का प्रस्ताव, उठे सवाल

मेयर Ken Sim द्वारा MLB टीम...

वैंकूवर, 15 अप्रैल : Vancouver में मेयर Ken Sim द्वारा शहर में Major League Baseball (MLB) टीम लाने के प्रस्ताव ने नई बहस छेड़ दी है। मेयर सिम ने एक प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें शहर के अधिकारियों को एक योग्य निवेशक समूह की तलाश के लिए “एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट” प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश देने की बात कही गई है। उनका मानना है कि इससे वैंकूवर को एक नई पेशेवर खेल टीम मिल सकती है और शहर की पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूती मिलेगी।

आलोचकों ने जताई शंका

हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर कई आलोचक इसकी व्यवहारिकता पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रीन पार्टी के पार्षद Pete Fry का कहना है कि शहर पहले से ही कई महत्वपूर्ण खर्चों का सामना कर रहा है, ऐसे में नई MLB टीम के लिए निवेश करना प्राथमिकता नहीं हो सकता। उन्होंने इसे आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक राजनीतिक कदम भी बताया।

दूसरी ओर, मेयर पद के उम्मीदवार Kareem Allam ने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से एक संभावित निवेशक के साथ इस परियोजना पर काम कर रहे हैं, लेकिन गोपनीयता समझौते के कारण ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते। आलोचकों का यह भी कहना है कि नई टीम के लिए बड़े पैमाने पर सरकारी खर्च से स्टेडियम बनाना पड़ेगा, जो वर्तमान आर्थिक स्थिति में मुश्किल है।

वैंकूवर का खेल इतिहास भी इस बहस को प्रभावित कर रहा है। पहले Vancouver Grizzlies टीम शहर छोड़कर Memphis चली गई थी, जबकि Vancouver Whitecaps FC भी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वैंकूवर वास्तव में MLB टीम को लंबे समय तक बनाए रख पाएगा।

यह भी देखें : मध्य पूर्व तनाव का असर: कनाडा में खाद्य सप्लायर्स ने लगाया फ्यूल सरचार्ज