August 28, 2026

पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले COEP कॉलेज में NSUI-ABVP समर्थक आपस में भिड़े

ABVP NSUI clash

पुणे, 23 अगस्त 2026: लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 22 अगस्त को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम से एक दिन पहले पुणे में हंगामा हो गया। COEP कॉलेज परिसर और हॉस्टल के छात्रों के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हॉस्टल कैंपस में एबीवीपी और एनएसयूआई के छात्र आपस में भिड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विजय वडेट्टीवार, सतेज पाटील और विश्वजीत कदम धरने पर बैठ गए। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। इस घटना के बाद कैंपस में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस मारपीट में कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को इलाज के लिए संचेती अस्पताल ले जाया गया जहां कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

ये भी देखें: कोटा में राहुल गांधी का छात्रों से संवाद, कहा – हमारा एजुकेशन सिस्टम बच्चों को टेंशन देता है