July 20, 2026

Punjab: बलाचौर में नहर में डूबे निखिल का 10 दिन बाद शव बरामद

death

बलाचौर, 09 जुलाई 2026: सब-डिवीजन बलाचौर के गांव चाहला निवासी लापता युवक निखिल का शव बुधवार को लापता होने के 10 दिन बाद नहर बिस्त दोआब से बरामद हो गया। शव मिलने के बाद पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखिल पुत्र गुरमीत उर्फ छिंद अपने दो साथियों के साथ नहर बिस्त दोआब के किनारे खड़ा था। इसी दौरान वह अचानक नहर में गिर गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने अपने स्तर पर युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

हालांकि कई दिनों तक तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में नहर का जलस्तर कम होने पर बुधवार को निखिल का शव नहर के साइफन में फंसा हुआ मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और मौके पर माहौल बेहद गमगीन हो गया।

गौरतलब है कि युवक की तलाश में कथित ढिलाई को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष था। पीड़ित परिवार के समर्थन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर जाम लगाया था।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से युवक की तलाश तेज करने और नहर का पानी बंद करवाने की मांग की थी।

ये भी देखें: घुमारवीं के सकरोहा में हादसा, 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की मणि खड्ड में डूबने से मौत