May 4, 2026

राघव चड्ढा ने फिर मारी बाज़ी, मुख्यमंत्री मान से पहले राष्ट्रपति को मिलेंगे

राघव चड्ढा ने फिर मारी बाज़ी, मुख्यमंत्री मान से...

चंडीगढ़, 4 मई : राज्यसभा सांसद Raghav Chadha की अगुवाई में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सांसदों का एक समूह 5 मई को राष्ट्रपति Droupadi Murmu से मुलाकात करेगा। राष्ट्रपति भवन ने पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann की तय मुलाकात से पहले इस समूह को समय दिया है। राष्ट्रपति से राघव चड्ढा और अन्य सांसदों की मुलाकात सुबह 10:40 बजे तय की गई है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान को उसी दिन दोपहर 12 बजे का समय दिया गया है।

कौन-कौन रहेगा प्रतिनिधिमंडल में शामिल

राघव चड्ढा के साथ Sandeep Pathak, Ashok Mittal और Rajinder Gupta के भी राष्ट्रपति से मिलने जाने की जानकारी है। सूत्रों के अनुसार, राघव चड्ढा राष्ट्रपति को पंजाब सरकार पर सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और ‘आप’ छोड़ने वाले सांसदों को निशाना बनाने के आरोपों से अवगत कराएंगे। सांसद इस मामले में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करेंगे।

हाल ही में ‘आप’ के सात सांसद भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर 30 अप्रैल को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने छापा मारा। वहीं, संदीप पाठक पर दो पुलिस केस दर्ज होने की खबर है और Harbhajan Singh की सुरक्षा वापस लेने की भी चर्चा है।

भाजपा का आरोप पुलिस का हो रहा राजनीतिक इस्तेमाल

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष Ashwani Sharma ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर कर रहे हैं। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भगवंत मान भी 5 मई को राष्ट्रपति से मिलकर ‘आप’ के बागी छह सांसदों को रिकॉल करने और जनता के जनादेश की रक्षा करने की मांग उठाएंगे। उल्लेखनीय है कि ‘आप’ सरकार ने 1 मई को पंजाब विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया था। मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव की प्रति भी राष्ट्रपति को सौंप सकते हैं। उनके साथ ‘आप’ के विधायक भी जाने की तैयारी में हैं।

यह भी देखें : अकाल तख्त को मान सरकार का बेअदबी संशोधन एक्ट पसंद नहीं, राज्यपाल तलब