March 21, 2026

पैट्रोल की मार शुरु, प्रीमीयम पैट्रोल के दाम 2.35 पैसे बढ़े

पैट्रोल की मार शुरु, प्रीमीयम पैट्रोल...

नई दिल्ली, 21 मार्च : वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच देश में प्रीमियम पेट्रोल और औद्योगिक डीजल महंगा हो गया है। हालांकि आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में 95-ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 99.89 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 101.89 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

औद्योगिक डीजल में बड़ा उछाल

इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाला डीजल 22 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 109.59 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। दिल्ली में ये कीमतें क्रमशः 94.77 रुपये और 87.67 रुपये प्रति लीटर बनी हुई हैं।

मिडिल ईस्ट तनाव का असर

मध्य पूर्व में जारी तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं। हाल ही में यह 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंची, जो बाद में घटकर 108 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि प्रीमियम ईंधन की कीमतों में सीमित बढ़ोतरी की गई है, जो कुल खपत का केवल 2 से 4 प्रतिशत हिस्सा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब सरकारी नियंत्रण में नहीं हैं और तेल कंपनियां खुद इनके दाम तय करती हैं। सरकार ने कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल आम लोगों पर बोझ डालने के लिए खुदरा कीमतें बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। कुल मिलाकर, जहां आम उपभोक्ताओं को अभी राहत मिली है, वहीं उद्योगों पर ईंधन महंगा होने का असर पड़ना तय माना जा रहा है।

यह भी देखें : टी.एम.सी. का घोषाणापत्र जारी, ममता दीदी के जनता से 10 वादे