April 28, 2026

आप’ छोड़ते ही नेता गद्दार क्यों? : अश्वनी शर्मा का सवाल

आप’ छोड़ते ही नेता गद्दार...

चंडीगढ़, 28 अप्रैल: पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने ‘गद्दार कौन?’ विषय पर बोलते हुए आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह ‘आप’ के दो-तिहाई राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए हैं, उस पर राघव चड्ढा द्वारा की गई टिप्पणियां सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान केवल बयान दे रहे हैं, लेकिन गंभीर आरोपों का जवाब नहीं दे रहे। शर्मा ने आरोप लगाया कि जब भ्रष्टाचार और समझौते के मुद्दे उठाए जाते हैं, तो ‘आप’ नेतृत्व चुप्पी साध लेता है।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि जब तक ये नेता ‘आप’ के साथ थे, तब तक उन्हें अच्छा माना जाता था, लेकिन जैसे ही वे पार्टी से अलग हुए, उन्हें ‘गद्दार’ करार दिया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ लोग नेताओं के घरों के बाहर ‘गद्दार’ लिख रहे हैं। उन्होंने राजिंदर गुप्ता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब में करीब 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया और हजारों लोगों को रोजगार दिया। इसके बावजूद अब उन्हें गद्दार कहा जा रहा है।

“जब साथ थे तो अच्छे, अब गद्दार?”

इसी तरह अशोक मित्तल के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी यूनिवर्सिटी ने पंजाब को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया, लेकिन अब उन्हें भी निशाना बनाया जा रहा है। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि वे देश और पंजाब का गौरव हैं, लेकिन उनका भी अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों का अपमान करना उन सभी का अपमान है, जिन्होंने देश का नाम दुनिया में रोशन किया है।

उन्होंने विक्रम साहनी का जिक्र करते हुए कहा कि वे समाजसेवा और उद्योग के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और कोरोना काल में भी उन्होंने लोगों की मदद की, लेकिन अब उन्हें भी ‘गद्दार’ कहा जा रहा है।