चंडीगढ़, 16 अप्रैल : पंजाब के मोगा में देह व्यापार के आरोप में शिरोमणि अकाली दल से जुड़े नेता और नगर निगम पार्षद (एमसी) जगजीत सिंह जीता की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में कथित तौर पर कई लड़कियां बरामद हुईं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिस होटल में यह कार्रवाई हुई, वह जगजीत सिंह जीता का बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा और वहां मौजूद लड़कियों को रेस्क्यू किया। मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
आप ने अकाली दल पर बोला हमला
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने अकाली दल पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि यह घटना अकाली दल के “काले इतिहास” की एक और कड़ी है और इससे पार्टी के “पंजाब बचाओ” अभियान की सच्चाई सामने आ गई है।
पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अपने नेता की गिरफ्तारी पर उन्होंने अब तक कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी। उन्होंने इसे “चुप्पी के जरिए अपराधियों का समर्थन” करार दिया।
‘पंजाब बचाओ यात्रा’ पर तंज
पन्नू ने अकाली दल की “पंजाब बचाओ यात्रा” पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं के नाम ऐसे गंभीर मामलों में सामने आ रहे हैं, वे पंजाब को बचाने की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल के कई नेता पहले भी विवादों और स्कैंडलों में घिर चुके हैं।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने वाली नहीं है, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना ने पंजाब की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इस पर और प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।

More Stories
पंजाब को गेहूं खरीद मानकों में राहत देगी केंद्र सरकार
अमृतपाल सिंह को अंतरिम आदेश दे सकती है हाईकोर्ट
श्री गुरु ग्रंथ साहिब सम्मान बिल 2026 मंजूरी के लिए राज्यपाल को भेजा गया