May 5, 2026

ACB Action: रोहतक में रिश्वत लेते आरटीओ इंस्पेक्टर और सहायक सचिव गिरफ्तार

रिश्वत

रोहतक, 05 मई 2026: रोहतक की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ ऑफिस के इंस्पेक्टर राकेश राणा और सहायक सचिव मनीष मदान को एक लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

शिकायतकर्ता ने बताया कि विभाग ने उसके ट्राले का चालान किया था। जब वह ऑफिस पहुंचा तो अधिकारियों ने धमकाया कि सेटिंग न की तो लगातार चालान कटेंगे। उन्होंने प्रति गाड़ी 7 हजार रुपए की दर से 150 गाड़ियों के लिए प्रतिमाह 10.50 लाख रुपए की मांग की थी। बाद में सौदा 8 लाख रुपए महीने पर तय हुआ, जिसमें से 5.50 लाख रुपए पहले ही दिए जा चुके थे।

शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया और महर्षि दयानन्द कॉलोनी से राकेश राणा को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। बाद में संलिप्तता पाए जाने पर मनीष मदान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी थाने में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू हो गई है।

यह भी देखें: वन विभाग के गार्ड और दिहाड़ीदार 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार