May 26, 2026

हरियाणा में 13 और 14 जून को होगी HTET परीक्षा, 2.45 लाख अभ्यर्थी बैठेंगे

HTET परीक्षा

चंडीगढ़, 26 मई 2026: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 13 और 14 जून को प्रदेश में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) कराएगा।

प्रदेशभर में इस परीक्षा के लिए 820 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। करीब 2.45 लाख परीक्षार्थी एचटेट में शामिल होंगे। बोर्ड ने परीक्षा को सुचारु और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मुख्यालय पर सोमवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को दो दिनों में तीन अलग-अलग सत्रों में बांटा गया है। प्रातःकालीन सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। वहीं सायंकालीन सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा।

प्रश्नपत्र की सुरक्षा के लिए बोर्ड ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रश्नपत्रों पर क्यूआर कोड, अल्फा न्यूमेरिक और हिडन फीचर्स लगाए जाएंगे। सभी केंद्रों पर नकल रोकने और सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।

डॉ. पवन कुमार ने कहा कि जिन अध्यापकों को फिलहाल जनगणना कार्य की ड्यूटी लगी हुई है, उन्हें एचटेट की ड्यूटी से छूट दी जाएगी।

यह भी देखें: सिरसा महिला थाने पर ग्रेनेड हमले में NIA ने चार्जशीट दायर की, पाकिस्तानी डॉन मुख्य साजिशकर्ता