July 30, 2026

भारत ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दी कड़ी चेतावनी, PoK को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ कहने पर जताई आपत्ति

PoK

चंडीगढ़, 30 जुलाई 2026: भारत ने द न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने इसे गुमराह करने वाला और पूरी तरह गलत बताया है। भारतीय दूतावास ने साफ कहा कि पाकिस्तानी कश्मीर जैसी कोई चीज नहीं है। यह पूरा इलाका भारत का अभिन्न अंग है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने PoK में हालिया झड़पों और स्थानीय चुनावों पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में मीरपुर में हुई हिंसा का जिक्र है जहां पुलिस और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों के बीच टकराव हुआ। यह समूह पुलिस की बर्बरता का विरोध कर रहा था।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि हिंसा में गोली लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग ने स्वतंत्र जांच की मांग की है।

भारतीय दूतावास ने रिपोर्ट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा कर रखा है। अब वह कब्जे वाले इलाकों के लोगों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल कर रहा है।

दूतावास ने न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्दों को सिरे से खारिज कर दिया। उसने कहा, “कोई पाकिस्तानी कश्मीर नहीं है, सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर है।” भारत ने एक बार फिर दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा रहे हैं, हैं और हमेशा रहेंगे।

यह भी देखें: पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान PoK में मारा गया