May 30, 2026

तेज आंधी-तूफान से दानापुर रेल मंडल में हड़कंप, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें हुईं प्रभावित

vande bharat

दानापुर, 30 मई 2026: तेज आंधी-तूफान और भारी वर्षा का असर पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में रेल परिचालन पर देखने को मिला। खराब मौसम और तकनीकी खराबी के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुईं तथा कुछ को सुरक्षा कारणों से विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया।

पटना साहिब स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22348) सुबह 8:18 बजे से 10:19 बजे तक खड़ी रही। तेज आंधी के दौरान ट्रेन के पैंटोग्राफ में एक तिरपाल फंस गया, जिससे सुरक्षा खतरा पैदा हो गया।

रेलवे अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों ने तुरंत तिरपाल हटाया और जरूरी जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया।

वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रभावित होने से गाड़ी संख्या 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत कई अन्य पैसेंजर ट्रेनें भी देरी का शिकार हुईं। यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

इसी दौरान कुछमन स्टेशन पर सुबह करीब 6 बजे मेघ गर्जन और खराब मौसम के कारण ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) में तकनीकी खराबी आ गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 13258 जनसाधारण एक्सप्रेस को रोक दिया गया।

रेलवे की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर खराबी दूर की और ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए जरूरी जगहों पर ट्रेनों को रोकर तकनीकी जांच और मरम्मत का काम किया गया। मौसम सामान्य होने और बाधाएं दूर होने के बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

यह भी देखें: हिमाचल में ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, सेब किसानों की साल भर की मेहनत बर्बाद